Sunday, September 6, 2026

अनकहा संवाद


 


तुम मिले तो लगा,

कोई जानी-पहचानी ख़ुशबू

अजनबी हवा में घुल गई हो।


न तुमने कुछ पूछा,

न मैंने कुछ कहा,

बस दो आँखों के बीच

एक धीमी सी बात

चलती रही।


तुम्हारी मुस्कान ने

मेरी झिझक को छुआ,

मेरी नज़र ने

तुम्हारी ख़ामोशी पढ़ ली।


कुछ पल के लिए

वक़्त भी हमारे पास बैठ गया,

और फिर

बिना कुछ कहे

चला गया।


लौटते हुए

मैंने पलट कर नहीं देखा,

डर था 

कहीं आँखें

सब सच न कह दें।


अजीब थी वो पहली मुलाक़ात,

हमने एक-दूसरे से

कुछ भी नहीं कहा,

फिर भी

सब कुछ कह आए।


और आज भी

उस ख़ामोशी में

एक आवाज़ बची हुई है 


शायद पहली बार

दो अजनबियों के बीच

दिल ने बिना परिचय के

एक पहचान लिख दी थी।



डॉ. रागिनी स्वर्णकार,इंदौर

No comments:

Post a Comment

स्मृतियाँ

#स्मृतियाँ कुछ स्मृतियाँ देह से जाती कहाँ हैं वे रक्त की तरह हममें बहती रहती हैं; हम जीते रहते हैं और वे हमारे भीतर चुपचाप जीती रहती हैं। #ड...